मुख्यमंत्री साय ने की तीन बड़ी घोषणाएं 100 श्रमिक दीदियों को सौंपी ई-रिक्शा की चाबी

रायपुर |  विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में एक भव्य राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए श्रमिक हित में तीन बड़ी घोषणाएं कीं। इसके साथ ही डीबीटी के माध्यम से 1.43 लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में 51.32 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि अंतरित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने हजारों श्रमिकों के साथ मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ भी प्रज्वलित किया।

प्रमुख बिंदु एवं घोषणाएं

  • श्रमिक सुविधा केंद्र: शहरों में काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों के लिए बैठने, स्वच्छ पेयजल और मोबाइल चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से युक्त श्रमिक सुविधा केंद्र बनाए जाएंगे।

  • ई-बाइक सहायता योजना: पंजीकृत श्रमिकों के आवागमन को सुगम और सशक्त बनाने के लिए नई ई-बाइक सहायता योजना शुरू की जाएगी।

  • ई-रिक्शा अनुदान में वृद्धि: असंगठित क्षेत्र के रिक्शा चालकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए मिलने वाली सहायता राशि को 50 हजार रुपए से बढ़ाकर एक लाख रुपए कर दिया गया है।

  • मेधावी बेटी को सहायता: श्रमिक परिवार की प्रतिभाशाली बेटी मनिंदर कौर, जिन्होंने जेईई परीक्षा पास कर एनआईटी सूरत में प्रवेश पाया है, की इंजीनियरिंग की पढ़ाई का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।

  • आत्मनिर्भरता की पहल: कार्यक्रम के दौरान 100 श्रमिक दीदियों को ‘दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना’ के तहत ई-रिक्शा की चाबी सौंपी गई।

“गांव के खेत-खलिहानों से लेकर शहरों की ऊंची इमारतों तक, प्रदेश की प्रगति की हर तस्वीर में हमारे श्रमिक भाई-बहनों की मेहनत समाहित है। श्रमिकों का सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उनके परिवारों का उज्ज्वल भविष्य हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” — विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़

कार्यक्रम की अन्य मुख्य बातें

  • डिजिटल पहलों का शुभारंभ: मुख्यमंत्री ने नवीन उपकर कटौती वेबसाइट और पीवीसी व क्यूआर कोड युक्त नए श्रमिक पंजीयन कार्ड का विमोचन किया।

  • श्रमिक बहनों के साथ भोजन: महासम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आईं श्रमिक बहनों के साथ जमीन पर बैठकर आत्मीयता से दोपहर का भोजन किया और उनका हाल-चाल जाना।

  • गणमान्य उपस्थिति: इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल व श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, पुरन्दर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में श्रमिक और अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *