‘रामायण’ के पहले गाने के लिए अरिजीत सिंह को क्यों देने पड़े 200 रीटेक्स? शाहरुख खान ने भी बताई थी वजह

नई दिल्ली |  रणबीर कपूर स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ (Ramayana) का पहला गाना ‘जय जय राम’ (Jai Jai Ram) रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। देश के दो सबसे लोकप्रिय गायकों—श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह की आवाज से सजे इस गाने को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। हालांकि, कम ही लोग जानते हैं कि अपनी अछ्वुत गायकी के लिए मशहूर अरिजीत सिंह को इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान करीब 200 रीटेक्स (टेक्स) देने पड़े थे।

भक्ति भाव में ऐसे डूबे कि भूल गए टेक की संख्या

गणेश चतुर्थी के अवसर पर रिलीज हुए इस गाने का संगीत दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान और हान्स ज़िमर ने तैयार किया है, जबकि इसके खूबसूरत बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं।

सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, ‘जय जय राम’ रिकॉर्ड करते समय अरिजीत सिंह पूरी तरह से भक्ति रस और गाने की गहराई में डूब गए थे। हर नए टेक के साथ वे गाने के इमोशन्स को और ज्यादा शिद्दत से महसूस कर रहे थे। वे रिकॉर्डिंग के दौरान अपनी तकनीकी दक्षता को पीछे छोड़कर पूरी तरह से भावनाओं में बह गए थे, जिसके चलते उन्हें लगभग 200 टेक्स लेने पड़े।

ग्लोबल चार्ट पर कर रहा है ट्रेंड, टी-सीरीज़ ने खरीदे राइट्स

‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज़ ने 75 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। रिलीज होने के कुछ ही घंटों के भीतर इस गाने ने यूट्यूब पर 3.6 करोड़ (36 मिलियन) से अधिक व्यूज़ बटोर लिए हैं और वर्तमान में यह ग्लोबल म्यूजिक चार्ट पर पहले स्थान पर ट्रेंड कर रहा है। फिल्म के मेकर्स 20 सितंबर को इसका दूसरा गाना भी रिलीज कर सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

शाहरुख खान ने भी की थी अरिजीत के परफेक्शन की तारीफ

बता दें कि अरिजीत सिंह अपनी परफेक्शनिस्ट छवि के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक #AskSRK सेशन के दौरान सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी इस बात का जिक्र किया था। फिल्म ‘किंग’ के गाने की रिलीज को लेकर पूछे गए सवाल पर शाहरुख ने मजाकिया और सराहना भरे अंदाज में कहा था कि अरिजीत गानों को परफेक्ट फिनिशिंग टच देने में थोड़ा समय जरूर लेते हैं, क्योंकि वे अपने काम में पूर्णता चाहते हैं।

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ इस साल 8 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि शाहरुख खान की ‘किंग’ 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *