टेलीग्राम कम्युनिटी से 10 लाख के स्टार्टअप तक: कॉलेज छात्र हेमकेश कांतावाला की प्रेरणादायक सफलता

नई दिल्ली| कर्नाटक के ग्रेटर बेंगलुरु के रहने वाले और स्केलर अकादमी के छात्र हेमकेश कांतावाला ने अपनी कॉलेज की शुरुआती परेशानियों को एक बेहतरीन अवसर में बदलकर सफलता की नई मिसाल कायम की है। बिना किसी भारी-भरकम फंडिंग का इंतजार किए, हेमकेश ने अपने दोस्त श्रीमय सोमानी के साथ मिलकर ‘डेल्टा एजुकेशन’ (Delta Education) नाम से एक स्टार्टअप की शुरुआत की, जिसका सालाना रेवेन्यू आज 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

परेशानी को बनाया स्टार्टअप का अवसर

हेमकेश ने वर्ष 2023 में न्यू-ऐज टेक्नोलॉजी और एआई शिक्षा के लिए जाने जाने वाले संस्थान स्केलर अकादमी में एडमिशन लिया था। कॉलेज के शुरुआती दिनों में उन्हें एडमिशन प्रक्रिया और पढ़ाई से जुड़े कई सवालों का सामना करना पड़ा। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने साथी छात्रों के साथ मिलकर टेलीग्राम पर एक चैनल और कम्युनिटी बनाई, जिसमें धीरे-धीरे 700 से अधिक छात्र जुड़ गए।

यहाँ हेमकेश को समझ आया कि इंटरनेट पर विभिन्न कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज के एंट्रेंस एग्जाम व इंटरव्यू के लिए सही और सटीक गाइडेंस का अभाव है। इसी गैप को उन्होंने अपना बिजनेस आइडिया बनाया और कॉलेज के नए छात्रों को मार्गदर्शन देने के लिए ‘डेल्टा एजुकेशन’ की नींव रखी।

छोटे पैमाने से की शुरुआत, मिली शानदार सफलता

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में जब इस स्टार्टअप की विधिवत शुरुआत हुई, तब उनके पास 50 पेइंग कस्टमर्स थे और पहले साल का कुल रेवेन्यू 2 लाख रुपये था। सह-फाउंडर श्रीमय सोमानी के यूट्यूब चैनल (जिस पर पहले से 10,000 सब्सक्राइबर थे) के माध्यम से वीडियो कोर्स लॉन्च किया गया। इसके अलावा, स्केलर की आधिकारिक वेबसाइट पर भी डेल्टा एजुकेशन का नाम जुड़ने से छात्रों का विश्वास बढ़ा और कारवां आगे बढ़ता गया। पिछले वित्त वर्ष में इस स्टार्टअप ने 10 लाख रुपये का सालाना रेवेन्यू दर्ज किया है।

युवा उद्यमियों के लिए संदेश देते हुए हेमकेश कहते हैं, “कोई भी परफेक्ट नहीं होता। आपको क्लास में सबसे स्मार्ट होने की जरूरत नहीं है, बस एक छोटे से आईडिया से शुरुआत करने की हिम्मत होनी चाहिए।” कॉलेज की डिग्री पूरी होने से पहले ही अपने बिजनेस को सफलता की राह पर ले जाने वाले हेमकेश आज देश के तमाम युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुके हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *