मुंबई। प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा की अपकमिंग फिल्म ‘स्पिरिट’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। अब फिल्म के प्रोड्यूसर और संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने फिल्म क्रिटिक्स को खुली चुनौती दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी कंपनी के बैनर तले बनी फिल्म ‘रोमांचकम’ को क्रिटिक्स के खराब रिव्यू ने नुकसान पहुंचाया।
एक इंटरव्यू के दौरान प्रणय ने कहा कि फिल्म बनाना और उसे पर्दे पर उतारना आसान काम नहीं है। उनके मुताबिक, प्रोडक्शन के दौरान निर्देशक और पूरी टीम को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, जबकि फिल्म का रिव्यू करना अपेक्षाकृत आसान है।
प्रणय ने कहा कि क्रिटिक्स ने एक छोटी फिल्म के साथ जो किया, वैसा ‘स्पिरिट’ के साथ नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर आलोचकों में हिम्मत है तो वे ‘स्पिरिट’ की रिलीज के बाद इसे रोककर दिखाएं।
जब इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या वह फिल्म क्रिटिक्स को खुली चुनौती दे रहे हैं, तो प्रणय ने इसका जवाब ‘हां’ में दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें और फिल्म की पूरी टीम को ‘स्पिरिट’ पर पूरा भरोसा है।
फिल्म ‘स्पिरिट’ में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘स्पिरिट’ अगले साल 5 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।