कारगिल वॉर वेटरन पर गुरुग्राम में रॉड से हमला, पार्किंग विवाद के बाद सिर फोड़ा, कोहनी टूटी

गुरुग्राम |  हरियाणा के गुरुग्राम में भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में उनके सिर पर चोट आई और कोहनी में फ्रैक्चर हुआ। अमित कुमार गुप्ता 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का हिस्सा रह चुके हैं।

पार्किंग को लेकर हुआ विवाद

अमित कुमार गुप्ता के मुताबिक, 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने परिवार को मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित एक रेस्टोरेंट में छोड़ने के बाद कार पार्क करने गए थे। उनका आरोप है कि पार्किंग स्टाफ ने उन्हें पहले वैलेट पार्किंग, फिर बेसमेंट और उसके बाद मल्टी-लेवल पार्किंग की तरफ भेजा।

अमित का कहना है कि आखिर में उन्हें कार पार्क करने से मना कर दिया गया। जब वह अपनी कार को रिवर्स कर रहे थे, तभी एक पार्किंग कर्मचारी ने कथित तौर पर उन्हें रोक लिया और लोहे की रॉड से कार की विंडशील्ड पर हमला करने की कोशिश की।

रॉड से हमले का आरोप

अमित के अनुसार, वह कार से बाहर निकलकर इसका विरोध करने लगे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसी रॉड से उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर चोट लगी और उनकी कोहनी टूट गई।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस हेल्पलाइन पर भी संपर्क किया गया, लेकिन करीब आधे घंटे तक मदद नहीं पहुंची। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बीच-बचाव कर उनकी मदद की। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी कोहनी की सर्जरी की गई।

MLC रिपोर्ट पर भी उठाए सवाल

रिटायर्ड अधिकारी ने अस्पताल की मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि रिपोर्ट में सिर से खून निकलने और कोहनी की गंभीर चोट का सही तरीके से उल्लेख नहीं किया गया।

अमित कुमार गुप्ता ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी पार्किंग कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग भी की है।

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर बाधा डालने और हमला करने से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा है कि एक्स-रे और अन्य मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *