करनाल | हरियाणा के करनाल में एक दर्दनाक हादसे में पिता और बेटे की नहर में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बेटे को नहर में डूबता देख पिता ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।
घटना बुधवार, 9 सितंबर की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान वीर बड़ालवा निवासी सतनाम और उनके बेटे मानुष के रूप में हुई है। दोनों अपने खेत में फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करने गए थे।
जानकारी के मुताबिक, खेत में स्प्रे मशीन का पानी खत्म होने के बाद मानुष पानी लेने पास से गुजर रही बस्तली नहर पर गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर के गहरे पानी में डूबने लगा। मानुष के दोस्त ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने सतनाम को घटना की जानकारी दी।
बेटे को नहर में डूबता देख सतनाम ने भी उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों गहरे पानी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। करीब दो दिन की मशक्कत के बाद शुक्रवार, 11 सितंबर को गोताखोरों ने पिता-पुत्र के शव बरामद किए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
बताया गया कि मानुष की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।