मुंबई में राष्ट्रीय BOCW सम्मेलन शुरू, निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा और कल्याण पर मंथन

रायपुर | भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (BOCW) के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितों को मजबूत करने के उद्देश्य से मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 11 और 12 सितंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य को लेकर व्यापक चर्चा की जा रही है।

सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ की ओर से भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और मंडल सचिव श्री गिरीश रामटेके ने सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान विभिन्न राज्यों द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, बेहतर कार्यप्रणालियों और नवाचारों को साझा किया गया।

सम्मेलन में निर्माण श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और श्रमिक कल्याण व्यवस्था को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने के लिए भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

राष्ट्रीय सम्मेलन को देश के निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से राज्यों के बीच अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान से श्रमिक कल्याण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *