रायपुर। वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने गुरुवार को जिले के जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। बैठक में अभियान के दौरान अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने और कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने को लेकर सुझाव लिए गए।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की प्रेरणादायी कहानी है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के मूल संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
बैठक में जशपुर जिले में अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों, सामाजिक सेवा कार्यों और जनभागीदारी बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही अभियान को जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और इसे व्यापक स्वरूप देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।