मुंबई | प्रभास इस वक्त साउथ सिनेमा के सबसे व्यस्त सितारों में से एक हैं। उनके पास एक साथ ‘फौजी’, ‘स्पिरिट’ और ‘कल्कि 2’ जैसी बड़ी फिल्में हैं। हालांकि, इसी बीच उनकी पीरियड ड्रामा फिल्म ‘फौजी’ की रिलीज को लेकर एक बार फिर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
मेकर्स ने फिल्म की रिलीज के लिए 3 दिसंबर 2026 की तारीख तय की थी। लेकिन अब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म तय तारीख पर सिनेमाघरों में नहीं पहुंच पाएगी। इसकी वजह फिल्म की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम बताया जा रहा है।
‘फौजी’ का अभी काफी काम बाकी
‘फौजी’ का निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं। फिल्म में प्रभास एक सैनिक की भूमिका में नजर आएंगे। कहानी ब्रिटिश शासन के दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें प्रभास का किरदार ब्रिटिश सेना का साथ छोड़कर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज से जुड़ता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का एक बड़ा हिस्सा अभी शूट होना बाकी है। इसके अलावा पोस्ट-प्रोडक्शन में भी काफी समय लगने की संभावना है। ऐसे में मेकर्स जल्दबाजी में फिल्म रिलीज करके इसकी क्वालिटी से समझौता नहीं करना चाहते।
इसी वजह से फिल्म की रिलीज को 2027 तक टालने पर चर्चा शुरू होने की खबरें सामने आ रही हैं।
मार्च 2027 में रिलीज करना भी आसान नहीं
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मेकर्स ‘फौजी’ को मार्च 2027 में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। लेकिन यहां सबसे बड़ी मुश्किल प्रभास की दूसरी फिल्म ‘स्पिरिट’ है।
‘स्पिरिट’ की रिलीज डेट 5 मार्च 2027 बताई जा रही है। फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। ऐसे में अगर ‘फौजी’ को मार्च में रिलीज किया जाता है, तो प्रभास की दो बड़ी फिल्में बेहद कम अंतराल में सिनेमाघरों में आ जाएंगी।
इंडस्ट्री के लिहाज से यह फैसला जोखिम भरा हो सकता है। यही वजह है कि ‘फौजी’ को मार्च में रिलीज करने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक रिलीज डेट बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘स्पिरिट’ पर भी पड़ सकता है असर?
प्रभास के लिए सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ ‘फौजी’ की रिलीज डेट नहीं, बल्कि तीनों फिल्मों के बीच समय का तालमेल बैठाना है।
‘स्पिरिट’ की शूटिंग फिलहाल अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रही है और इसकी रिलीज में अभी समय है। वहीं ‘कल्कि 2’ को लेकर भी काम जारी है। निर्देशक नाग अश्विन पहले बता चुके हैं कि फिल्म की घोषणा के काफी समय बाद भी इसकी शूटिंग सीमित दिनों में ही हो पाई है।
ऐसे में अगर ‘फौजी’ की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन में ज्यादा वक्त लगता है, तो इसका असर प्रभास के पूरे शेड्यूल पर पड़ सकता है। हालांकि, फिलहाल ‘स्पिरिट’ की रिलीज टलने की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रभास की इन तीनों फिल्मों को बड़े बजट और बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। इसलिए आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स रिलीज डेट्स के बीच किस तरह का संतुलन बनाते हैं।