फिलीपींस में बड़ा समुद्री हादसा: फेरी में लगी आग, 5 की मौत और 80+ लोग लापता

मनीला |  फिलीपींस के पलावन द्वीप के पास बुधवार रात एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया। मनीला से कोरोन जा रही MV June Aster नाम की फेरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते जहाज का बड़ा हिस्सा लपटों से घिर गया। फिलीपीन कोस्ट गार्ड के मुताबिक, हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि 80 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

फेरी में सवार थे 134 लोग

फिलीपीन कोस्ट गार्ड की प्रवक्ता कमोडोर नोएमी कायाबयाब के अनुसार, फेरी के मैनिफेस्ट में कुल 134 लोगों के नाम दर्ज थे। इनमें 117 यात्री और 17 क्रू सदस्य शामिल थे।

आग लगने के बाद बचाव दल ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी के अनुसार 43 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जबकि 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बड़ी संख्या में लोगों के अब भी लापता होने के कारण मृतकों और लापता लोगों का आंकड़ा बदल सकता है।

समुद्र के बीच धधकने लगा पूरा जहाज

फिलीपीन कोस्ट गार्ड की ओर से जारी फुटेज में फेरी के कई हिस्से आग की तेज लपटों से घिरे नजर आए। बचाव अभियान के दौरान रेस्क्यू टीम के सदस्य शवों को बॉडी बैग में रखते हुए भी दिखाई दिए।

बताया गया है कि MV June Aster मनीला के बेसको से रवाना हुई थी और पलावन के कोरोन की ओर जा रही थी। सफर के दौरान समुद्र में ही फेरी में आग लग गई। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई

फेरी में आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। फिलीपीन कोस्ट गार्ड ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, समुद्र में लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे में हताहतों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *