तिल्दा-नेवरा। ग्राम चिचोली के मेन रोड पर स्थापित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमाएं लंबे समय से रंग-रोगन और उचित रखरखाव के अभाव में उपेक्षा का शिकार हो रही हैं। प्रतिमा परिसर की स्थिति को देखकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदारों द्वारा प्रतिमाओं के संरक्षण और परिसर की साफ-सफाई की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
देश के लिए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई तथा वीर योद्धा महाराणा प्रताप की प्रतिमाएं सार्वजनिक स्थल पर स्थापित हैं। ये प्रतिमाएं युवाओं और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे में इनका उचित रखरखाव और संरक्षण जरूरी है।
ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से प्रतिमाओं पर रंग-रोगन नहीं होने के कारण उनकी सुंदरता प्रभावित हो रही है। वहीं, आसपास साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का भी अभाव नजर आता है। लोगों का कहना है कि महापुरुषों और वीरांगनाओं की प्रतिमाओं का संरक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके सम्मान और इतिहास को जीवंत रखने की जिम्मेदारी है।
तत्काल पहल की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि रानी लक्ष्मीबाई एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं की तत्काल साफ-सफाई कराकर रंग-रोगन कराया जाए। साथ ही प्रतिमा परिसर में नियमित साफ-सफाई के साथ सौंदर्यीकरण की व्यवस्था भी की जाए।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जिम्मेदार जल्द पहल करेंगे और दोनों प्रतिमाओं को नया स्वरूप देकर उनके सम्मान को बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।