‘डॉ. अम्मा’ डॉक्यूमेंट्री में दिखी सेवा और समर्पण की प्रेरक गाथा, ओपी चौधरी ने की सराहना

रायपुर । नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल में माता डॉ. सी. राजेश्वरी अम्मा के प्रेरणादायी जीवन और मानवता की निःस्वार्थ सेवा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म “DR. AMMA – 50 Years of Healing, Humanity & Hope” की स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम में मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने डॉ. सी. राजेश्वरी अम्मा के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा के लिए समर्पित किया। उनका जीवन सेवा, समर्पण और करुणा की प्रेरणादायी गाथा है।

उन्होंने कहा कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से डॉ. राजेश्वरी अम्मा के जीवन, कार्यों और समाज के प्रति उनके योगदान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा। लाखों लोग उनके जीवन से प्रेरणा प्राप्त कर सकेंगे।

सेवा से सकारात्मक बदलाव का संदेश

वित्त मंत्री ने कहा कि निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने वाले व्यक्तित्व समाज के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत होते हैं। डॉ. राजेश्वरी अम्मा का जीवन यह संदेश देता है कि सेवा का संकल्प समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बन सकता है।

उन्होंने इस अवसर पर सत्य साई परिवार तथा डॉक्यूमेंट्री के निर्माण और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में राजनांदगांव के पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक और सत्य साई परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *