रायपुर। भारत रत्न एवं प्रख्यात संगीतकार, गायक, गीतकार और फिल्मकार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर मंगलवार को रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. हजारिका के कला, संगीत और सांस्कृतिक क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने डॉ. भूपेन हजारिका की कालजयी रचनाओं और जीवन-यात्रा को संगीत एवं नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि डॉ. भूपेन हजारिका का संगीत महज मनोरंजन का माध्यम नहीं था, बल्कि उसमें समाज, संस्कृति, प्रकृति, मानवीय संवेदना और राष्ट्रीय एकता की गहरी अभिव्यक्ति दिखाई देती है। उन्होंने अपने गीतों और संगीत के माध्यम से देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनकी रचनाएं आज भी समाज में सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवीय मूल्यों का संदेश देती हैं।
नृत्य-नाटिका से जीवंत हुई हजारिका की जीवन-यात्रा
सांस्कृतिक संध्या में इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कलाकारों ने डॉ. भूपेन हजारिका के जीवन और उनकी रचनाओं पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। कलाकारों ने नृत्य और अभिनय के माध्यम से उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं तथा संगीत यात्रा को प्रभावशाली ढंग से जीवंत किया।
वहीं महाकालीबाड़ी एवं विश्वनाथ मंदिर समिति, पंडरी, रायपुर के कलाकारों ने डॉ. हजारिका द्वारा गाए गए प्रसिद्ध गीतों की भावपूर्ण संगीतमय प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
कलाकारों का किया सम्मान
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कार्यक्रम में शामिल कलाकारों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कलाकारों ने डॉ. हजारिका की संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के संकल्प को भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से रेखांकित किया।
कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री अनुज शर्मा, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।