रायपुर | छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को आज नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में न्यायाधिपति कृष्न राम महापात्र को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश कृष्न राम महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इससे पहले न्यायमूर्ति महापात्र उड़ीसा हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह का संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव विकास शील ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, महाधिवक्ता विवेक शर्मा, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित न्यायाधीशगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।