किरंदुल। किरंदुल परियोजना प्रबंधन द्वारा परियोजना विद्यालय के सभागार में शिक्षक दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीआईओपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डीएवी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, प्रकाश विद्यालय, विद्या मंदिर, भारत माता मॉडल स्कूल और प्रौढ़ शिक्षा केंद्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशन आहुजा, मुख्य महाप्रबंधक (वर्क्स) थे। वहीं जे.सी. दास, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन), एम. सुब्रमण्यन, महाप्रबंधक (एमएंडएस)/टीआई और श्रीमती के.एल. नागवेणी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
स्वागत भाषण में श्रीमती के.एल. नागवेणी ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक समाज की रीढ़ हैं, जो विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण के साथ उनके भविष्य को दिशा देते हुए उन्हें एक आदर्श नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट शिक्षण के लिए विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने समारोह में उत्साह और उमंग भर दी।
समारोह में परियोजना प्रबंधन के अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी तथा सभी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री कुनामी हंसदा और श्रीमती रोजी निरोला ने किया। अंत में मो. तनवीर जावेद, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने आभार व्यक्त किया। समारोह की सफलता में मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।