किरंदुल। आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (AM/NS India) और टाइम्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की AM/NS इंडिया टाइम्स क्रिटिकल थिंकिंग चैम्पियनशिप राउंड-1 के विजेता छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह सोमवार को मंगल भवन, मिलेनियम पार्क फुटबॉल ग्राउंड, किरंदुल में आयोजित किया गया।
समारोह में दंतेवाड़ा जिला जनपद अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती, कुआकोंडा जनपद अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, नगर पालिका परिषद किरंदुल की अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी, सुमित भदौरिया, विजय सोढ़ी सहित समस्त पार्षद एवं सरपंच उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद भदौरिया, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी मनोज राठौर, खंड स्रोत समन्वयक रत्तू राणा एवं सभी संकुल समन्वयक मौजूद रहे। वहीं AM/NS इंडिया प्रबंधन की ओर से डॉ. तेज प्रकाश, रामचंद्रन, सतीश राजगोपाल, राजू बालाजी, दीपक गुप्ता और रविंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर संकुल केंद्र टिकनपाल, चोलनार, किरंदुल ग्रामीण, कड़मपाल, किरंदुल शहर, हिरोली और गुमियापाल के स्कूलों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 87 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि क्रिटिकल थिंकिंग चैम्पियनशिप विद्यार्थियों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप आलोचनात्मक चिंतन, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को रचनात्मक ढंग से सोचने और नई चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए प्रेरित करती हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। आयोजन ने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल का संदेश दिया।