रायपुर | विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों और सार्वजनिक स्थलों को अब रात के अंधेरे से राहत मिलेगी। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा की अनुशंसा पर क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट की स्थापना के लिए 2 करोड़ 6 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
इस योजना के तहत गांवों की सड़कों, चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी। इससे रात के समय आवागमन सुगम होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और गांवों की सुंदरता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
बलौदाबाजार जनपद के 13 गांवों में लगेंगी हाई मास्ट लाइटें
प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार जनपद पंचायत बलौदाबाजार के अंतर्गत देवरी, लिमाही, भद्रापाली, गैतरा, भरसेली, सरकीपार, कोकड़ी, भाटागांव और चरोटी सहित विभिन्न गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी। इसके लिए अलग-अलग स्थानों के अनुसार 2 से 5 लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत की गई है।
तिल्दा और सिमगा की 30 ग्राम पंचायतों को 1.50 करोड़
योजना के तहत रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड की 15 ग्राम पंचायतों और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा विकासखंड की 15 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 1.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 5-5 हाई मास्ट लाइट लगाने के लिए 5 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
तिल्दा विकासखंड की लाभान्वित ग्राम पंचायतों में सरारीडीह, खपरीकला, मोहगांव, निनवा, खैरखुट, चांपा, जोता, भुरसदा, सड्डू, सिनोधा, कोटा, भिलौनी, छपोरा, टोहडा और सतभाँवा शामिल हैं।
वहीं सिमगा विकासखंड की झीपन, भोथाडीह, हिरमी, शिकारी केशली, भालेसुर, रावन, सुहेला, जरौद, नवापारा, जांगड़ा, सकलोर, मोहभट्टा, खिलौरा, बरडीह और कुकराचुंदा ग्राम पंचायतों में भी हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी।
सुरक्षा और सुविधा को मिलेगी मजबूती
मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। हाई मास्ट लाइट लगने से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन आवागमन आसान होगा और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था से ग्रामीणों को सुविधा मिलने के साथ गांवों का स्वरूप भी बेहतर होगा।