तीज के रंग में सजा रायपुर प्रेस क्लब, लक्ष्मी राजवाड़े ने रैंप वॉक कर बढ़ाया महिला पत्रकारों का उत्साह

रायपुर  | रायपुर प्रेस क्लब  में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव पारंपरिक उल्लास, उमंग और आत्मीयता के रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा शामिल हुईं। जनप्रतिनिधियों ने महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रैंप वॉक रहा। महिला पत्रकारों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधानों में आत्मविश्वास और सादगी के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भी सिर पर पल्लू लेकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक किया। वहीं विधायक श्रीमती भावना बोहरा और राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप वॉक में हिस्सा लेकर आयोजन की रौनक बढ़ाई। इस दौरान प्रेस क्लब परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।

खेल-प्रतियोगिताओं ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक

तीज महोत्सव में महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। महिला पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। हंसी-मजाक और मनोरंजन के बीच पूरा आयोजन उत्सवी माहौल में नजर आया।

महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना

श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने महिला पत्रकारों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला पत्रकार समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने तीज को महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं का पर्व बताया। विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने भी महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को साथ मिलकर खुशियां साझा करने और आपसी सहभागिता मजबूत करने का अवसर देते हैं।

महिला पत्रकारों को दिए गए रिटर्न गिफ्ट

कार्यक्रम के समापन पर सभी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट प्रदान किए गए। उपहार पाकर महिला पत्रकारों में खासा उत्साह देखने को मिला। तीज के पारंपरिक रंग, रैंप वॉक, खेल-प्रतियोगिताएं और आत्मीय मेलजोल ने रायपुर प्रेस क्लब को पूरे दिन उत्सव के माहौल में रंगे रखा।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी, महासचिव श्री गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष श्री दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश यदु, संयुक्त सचिव श्रीमती निवेदिता साहू एवं श्री भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब सदस्य और महिला पत्रकार उपस्थित रहीं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *