छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम ने मारी फाइनल में एंट्री, सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को 2-1 से हराया

रायपुर। मास्टर्स हॉकी कप 2026 में छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली है। टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र को 2-1 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया।

हिमाचल प्रदेश को 6-0 से दी थी मात

छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए हिमाचल प्रदेश को 6-0 से एकतरफा मुकाबले में हराया था। इस मैच में दीपिका, ललिता, अंकिता, बबली, योजना और रुचि ने एक-एक गोल कर टीम को बड़ी जीत दिलाई।

सेमीफाइनल में महाराष्ट्र पर रोमांचक जीत

इसके बाद सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने संयम और शानदार टीमवर्क के दम पर महाराष्ट्र को 2-1 से हराया। दीपिका और ललिता ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टीम के अनुशासन, फिटनेस, अनुभव और आपसी तालमेल को इस सफलता की प्रमुख वजह माना जा रहा है। लगातार दो जीत के बाद अब छत्तीसगढ़ की नजर मास्टर्स हॉकी कप 2026 के खिताब पर है।

खिताब के लिए फाइनल में उतरेगी टीम

छत्तीसगढ़ की टीम फाइनल मुकाबले में पूरे आत्मविश्वास और जज्बे के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। प्रदेश के खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि टीम फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम करेगी।

ये खिलाड़ी टीम का हिस्सा

मास्टर्स हॉकी कप 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में मोनिका वैरागड़े, दीपिका वैरागड़े, सविता चंद्राकर, शोभा वार्टी, सुरेखा यादव, ललिता, सुरभि मरकाम, आरती सेढे, अंकिता पांडे, योजना, रुचि, बबली कुमारी, हेमलता और सुमन शामिल हैं।

टीम की इस उपलब्धि ने प्रदेश की महिला हॉकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *