छत्तीसगढ़ में भर्तियों को मिलेगी रफ्तार, मुख्य सचिव विकासशील ने रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा

रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की विभागवार स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

भर्ती परीक्षाओं और रिक्त पदों पर हुई चर्चा

बैठक में मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित की जा रही भर्ती परीक्षाओं और विभागों की ओर से भेजे गए मांग पत्रों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग से मिली सहमति, पहले विज्ञापित पदों की स्थिति और अब तक हुई नियुक्तियों का भी ब्योरा लिया।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि विभागों में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रियाओं को गति दी जाए, ताकि आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

2027 की संभावित भर्तियों पर भी मंथन

बैठक में वर्ष 2027 के लिए अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सभी विभागों में भर्ती नियमों को अद्यतन करने की स्थिति की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने भर्ती नियमों को समयानुकूल बनाने और लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। बैठक का उद्देश्य सरकारी विभागों में भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के साथ आने वाले वर्षों के लिए स्पष्ट मानव संसाधन नियोजन तैयार करना रहा।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋर्चा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *