रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में खनिज विभाग की टीम ने अवैध रेत एवं मिट्टी परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और निगरानी की। कार्रवाई के दौरान सिलपहरी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 3 ट्रैक्टर और ज्योतिपुर तिराहा से ईंट निर्माण के लिए मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 1 ट्रैक्टर पकड़ा गया।
जब्त सभी वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। इनमें तीन ट्रैक्टर अमरपुर थाना परिसर और एक ट्रैक्टर नगर सैनिक परिसर में रखा गया है। वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(5) एवं 23(क) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध दोहन पर नहीं बरती जाएगी ढिलाई
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन जनता की सामूहिक संपत्ति हैं और इनके अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य केवल वाहनों को जब्त करना नहीं, बल्कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर प्रभावी अंकुश लगाना, शासन के राजस्व की सुरक्षा करना और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अनधिकृत उपयोग की लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू एवं सैनिक साहिब गनी शामिल रहे।