रायपुर । कवर्धा मेडिकल कॉलेज में जिले के पहले छात्र के रूप में प्रवेश लेने वाले सहसपुर लोहारा निवासी हिमांशु देवांगन को उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने फोन कर बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कवर्धा मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ चिकित्सा शिक्षा की शुरुआत हुई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन, नवा रायपुर से हिमांशु से फोन पर बातचीत कर उसकी स्कूली शिक्षा, नीट की तैयारी और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। हिमांशु ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं में 83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं और नीट परीक्षा में 512 अंक प्राप्त किए। नीट की तैयारी के लिए उसने भिलाई में कोचिंग भी ली थी।
मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ने की दी सीख
विजय शर्मा ने हिमांशु का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने छात्र को पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। साथ ही माता-पिता और परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर के रूप में शिक्षा पूरी करने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में कार्य कर अनुभव हासिल करें और आगे चलकर अपनी शिक्षा एवं अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा में करें।
50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुआ कवर्धा मेडिकल कॉलेज
उल्लेखनीय है कि कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुआ है। मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से कवर्धा और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया अवसर मिला है।
कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में प्रवेश लेने वाला छात्र भी जिले का ही निवासी है। जिले के सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन के प्रवेश के साथ कवर्धा में चिकित्सा शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत हुई है, जिसे जिले के लिए गौरव का अवसर माना जा रहा है।