एनटीपीसी सीपत के नए परियोजना प्रमुख बने विजय शंकर दुबे, 30 वर्षों का है अनुभव

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। मुख्य महाप्रबंधक श्री विजय शंकर दुबे ने 1 सितंबर 2026 से एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख का पदभार संभाल लिया है। उनके पास प्रचालन, योजना एवं प्रणाली, परियोजना प्रबंधन और परियोजना निर्माण के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है।

श्री दुबे ने वर्ष 1995 में कार्यपालक प्रशिक्षु के रूप में एनटीपीसी में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने एनटीपीसी विंध्याचल, गाडरवाड़ा, नॉर्थ करणपुरा और एनटीपीसी कॉरपोरेट सेंटर में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।

प्रचालन से परियोजना प्रबंधन तक का लंबा अनुभव

श्री विजय शंकर दुबे ने अपने करियर की शुरुआत एनटीपीसी विंध्याचल में प्रचालन के क्षेत्र से की। इसके बाद उन्होंने योजना एवं प्रणाली विभाग में काम किया, जहां तकनीकी और परियोजना संबंधी कार्यों का अनुभव हासिल किया। बाद में गाडरवाड़ा और एनटीपीसी कॉरपोरेट सेंटर में परियोजना प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।

नॉर्थ करणपुरा में परियोजना निर्माण के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने परियोजना क्रियान्वयन और निर्माण संबंधी कार्यों में भी व्यापक अनुभव प्राप्त किया। एनटीपीसी सीपत का पदभार संभालने से पहले वे एनटीपीसी कॉरपोरेट सेंटर में परियोजना प्रबंधन से जुड़े हुए थे।

आईआईएम अहमदाबाद से भी प्रशिक्षण

परियोजना प्रबंधन और नेतृत्व के क्षेत्र में श्री दुबे ने कई व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त किए हैं। इनमें टोटल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, IPMA लेवल ‘C’ प्रमाणन कार्यक्रम और आईआईएम अहमदाबाद का LEAD कार्यक्रम प्रमुख हैं।

उन्होंने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. तथा MACT, भोपाल से मशीन डिजाइन में एम.टेक. की डिग्री हासिल की है।

2,980 मेगावाट क्षमता वाला है एनटीपीसी सीपत

बिलासपुर जिले में स्थित एनटीपीसी सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन छत्तीसगढ़ के प्रमुख विद्युत संयंत्रों में शामिल है। इसकी वर्तमान कुल स्थापित क्षमता 2,980 मेगावाट है। स्टेशन में स्टेज-I के तहत 660 मेगावाट की तीन इकाइयां और स्टेज-II के तहत 500 मेगावाट की दो इकाइयां संचालित हैं।

एनटीपीसी सीपत को एनटीपीसी के पहले सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट के रूप में भी जाना जाता है। यहां 765 केवी का स्विचयार्ड स्थापित है।

स्टेज-III से क्षमता बढ़कर 3,780 मेगावाट होगी

एनटीपीसी सीपत में वर्तमान में 800 मेगावाट क्षमता की स्टेज-III परियोजना का विकास अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल तकनीक पर किया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद स्टेशन की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 3,780 मेगावाट हो जाएगी।

हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए स्टेशन में 26 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का निर्माण भी किया जा रहा है। एनटीपीसी सीपत छत्तीसगढ़ समेत सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बिजली की आपूर्ति करता है।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी बधाई

श्री विजय शंकर दुबे के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

उनके व्यापक अनुभव और नेतृत्व क्षमता के साथ एनटीपीसी सीपत के प्रचालन में उत्कृष्टता, परियोजना क्रियान्वयन और सामाजिक एवं सतत विकास की पहलों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *