जगदलपुर । बस्तर के दूरदराज इलाकों में छिपी प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निशुल्क ‘ज्ञानगुड़ी’ कोचिंग संस्थान के चार विद्यार्थियों ने नीट काउंसलिंग के पहले ही राउंड में शासकीय मेडिकल कॉलेजों में MBBS की सीट हासिल कर यह साबित कर दिया है।
बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में संचालित इस संस्थान के विद्यार्थियों समीर मरकाम और गीतेश्वरी सलाम का चयन शासकीय मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर में हुआ है। वहीं कृष्णा सेन को कांकेर मेडिकल कॉलेज और खुशबू बिस्वास को पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में प्रवेश मिला है।
कलेक्टर से मिले सफल विद्यार्थी
सफलता के बाद चारों विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा से मिले। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय कलेक्टर के निरंतर मार्गदर्शन और ज्ञानगुड़ी में मिले सहयोग को दिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत की सराहना की और उच्च शिक्षा में डिजिटल संसाधनों की मदद के लिए सभी को टैबलेट उपहार में दिए। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कलेक्टर ने छात्रों से अपील की कि मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे वापस बस्तर लौटें और यहां के जरूरतमंद लोगों तथा समाज की सेवा में अपना योगदान दें।
90 में से 50 विद्यार्थियों ने पास की NEET
ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने इस वर्ष नीट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया। संस्थान के 90 विद्यार्थियों में से 50 ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि इनमें से चार विद्यार्थियों ने काउंसलिंग के पहले ही राउंड में सीधे MBBS सीट हासिल कर ली।
सफल विद्यार्थियों ने बताया कि कलेक्टर श्री छिकारा द्वारा पूरे वर्ष दिए गए अध्ययन और परीक्षा की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण सुझावों ने उनकी रणनीति को मजबूत किया। उनके मार्गदर्शन से उन्हें पहली ही कोशिश में सफलता हासिल करने में मदद मिली।
कलेक्टर खुद करते रहे छात्रों की काउंसलिंग
कलेक्टर श्री छिकारा लगातार ज्ञानगुड़ी केंद्र का दौरा कर विद्यार्थियों की काउंसलिंग करते रहे हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई और UPSC की तैयारी के अनुभवों को छात्रों के साथ साझा कर उन्हें बेहतर रणनीति बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हीरा गवर्ना, ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन, जी. श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव और संजीव बिस्वास भी मौजूद रहे।