छत्तीसगढ़ के पर्यटन को मिलेगी नई पहचान, टूरिज्म बोर्ड करेगा उत्कृष्टता का सम्मान

रायपुर |  छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने और पर्यटन से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान करने जा रहा है। पुरस्कार के जरिए पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्ति, संस्थाएं और उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।

इस वर्ष कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और मेमेंटो दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं अपनी प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से it@visitcg.in पर भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

इन 10 श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार

‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के तहत होटल, टूर ऑपरेटर से लेकर इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन तक पूरी पर्यटन श्रृंखला को शामिल किया गया है। पुरस्कार की श्रेणियां हैं—

  1. सर्वश्रेष्ठ होटल
  2. सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
  3. सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
  4. सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
  5. CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
  6. CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
  7. सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
  8. सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
  9. सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
  10. सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड।

बेहतर सेवाओं और नवाचार को मिलेगा सम्मान

पुरस्कारों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में सेवा की गुणवत्ता, नवाचार, पर्यटन प्रचार, वित्तीय प्रदर्शन, रोजगार सृजन और पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को प्रमुखता दी जाएगी। होटल श्रेणी में MICE सुविधाओं, कारोबार, आयोजित कार्यक्रमों, CSR गतिविधियों और सतत पर्यटन में योगदान जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा।

वहीं, पंजीकृत टूर ऑपरेटरों के चयन में पर्यटन गतिविधियों के संचालन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, पर्यटन प्रचार सामग्री और वेबसाइट व सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल को आधार बनाया जाएगा।

उत्कृष्ट जिले और पर्यटन स्टार्टअप को भी मिलेगा मंच

‘सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड’ के तहत पर्यटन स्थलों के विकास, गंतव्य प्रबंधन और घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए बेहतर कार्य करने वाले जिले को सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, स्थानीय संस्कृति, ग्रामीण जीवनशैली और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।

पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार के जरिए ऐसे युवा उद्यमियों और स्टार्टअप को पहचान दी जाएगी, जिन्होंने नए विचारों, तकनीक, सेवाओं या व्यावसायिक मॉडलों के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई दिशा देने का काम किया है।

होमस्टे और डिजिटल प्रमोशन को बढ़ावा

सर्वश्रेष्ठ होमस्टे श्रेणी में राजस्व, वार्षिक वृद्धि, बुकिंग, घरेलू पर्यटकों की संख्या, सुविधाओं और ग्राहक संतुष्टि के आधार पर चयन होगा। स्थानीय उत्पादों, व्यंजनों और समुदायों को पर्यटन से जोड़कर रोजगार व आय के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा।

वहीं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों से जुड़े रील्स, वीडियो और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से राज्य की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।

सतत और साहसिक पर्यटन पर विशेष जोर

इको टूरिज्म श्रेणी में पर्यावरण-अनुकूल और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को सम्मान दिया जाएगा। नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मानकों को प्राथमिकता मिलेगी।

इसके अलावा कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा। पर्यटकों की संख्या, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट और प्राकृतिक गंतव्यों के प्रचार-प्रसार जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा।

15 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अनुसार सभी श्रेणियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है। इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर भेज सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता एवं मानदंडों के आधार पर राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा।

टूरिज्म बोर्ड का कहना है कि पुरस्कारों के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, सतत पर्यटन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *