कोलकाता । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित हाई-सिक्योरिटी प्रेसिडेंसी जेल में तलाशी के दौरान कुख्यात आतंकी आफताब अंसारी की सेल से कई प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तलाशी अभियान के दौरान अंसारी के पास से एक iPhone समेत तीन स्मार्टफोन, दो वाई-फाई राउटर, वायरलेस ईयरफोन, पेनड्राइव, कार्ड रीडर और 31 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जेल अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अचानक विशेष तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान आफताब अंसारी की सेल की तलाशी में ये सामान मिला। मामले को गंभीरता से लेते हुए हेस्टिंग्स थाने में नई एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जेल के अंदर से संपर्क की आशंका
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि जेल के भीतर इतने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन उपकरणों के जरिए जेल के अंदर से किसी बाहरी व्यक्ति से संपर्क किया जा रहा था।
आफताब अंसारी पहले भी जेल में रहते हुए जांच एजेंसियों के निशाने पर रहा है। उसके पास से पहले भी सिम कार्ड बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी। ताजा बरामदगी ने हाई-सिक्योरिटी जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमेरिकन सेंटर हमले का मुख्य साजिशकर्ता
आफताब अंसारी को 2002 में कोलकाता स्थित अमेरिकन सेंटर पर हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है। इस हमले में सुरक्षा बलों के जवानों को निशाना बनाया गया था। अंसारी वर्तमान में प्रेसिडेंसी जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, राउटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका इस्तेमाल कब और किस तरह किया गया। साथ ही जेल में प्रतिबंधित सामान पहुंचाने के पीछे किसी नेटवर्क या जेलकर्मियों की मिलीभगत की भी जांच की जा सकती है।