नई दिल्ली। जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबलों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों को सीधे अगले दौर में प्रवेश मिला है। पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर को करेगी, जबकि महिला टीम का पहला मुकाबला 17 सितंबर को जापान के खिलाफ होगा।
भारत ने पिछले एशियन गेम्स में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता था। ऐसे में इस बार भी भारतीय टीमों से खिताब बरकरार रखने की उम्मीद होगी।
28 सितंबर को पुरुष टीम का पहला मुकाबला
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी। कुल 10 टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है, जबकि अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हांगकांग, मलेशिया और ओमान प्रीलिमिनरी राउंड में खेलेंगी।
भारत 28 सितंबर को ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेगा। ग्रुप-ए में अफगानिस्तान, नेपाल और जापान शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान का क्वार्टर फाइनल मुकाबला ग्रुप-बी की उपविजेता टीम से होगा।
फाइनल में हो सकता है भारत-पाकिस्तान महामुकाबला
ड्रॉ के मुताबिक भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में एक-दूसरे के सामने नहीं आ सकते। ऐसे में अगर दोनों टीमें अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में पहुंचती हैं, तो 3 अक्टूबर को खिताबी मुकाबले में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत देखने को मिल सकती है।
पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले 1 अक्टूबर और कांस्य पदक तथा फाइनल मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।
महिला टीम 17 सितंबर को करेगी अभियान की शुरुआत
महिला क्रिकेट टूर्नामेंट 17 से 22 सितंबर तक आयोजित होगा। इसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, थाईलैंड, जापान, चीन और मलेशिया की टीमें हिस्सा लेंगी।
भारत अपने अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को मेजबान जापान के खिलाफ करेगा। 20 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल और 22 सितंबर को कांस्य पदक मुकाबला व फाइनल खेला जाएगा।
श्रेयस अय्यर और हरमनप्रीत कौर संभालेंगे कमान
भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
भारतीय पुरुष टीम:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।
वहीं महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी और स्मृति मंधाना उपकप्तान रहेंगी। टीम में शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, रेणुका ठाकुर और राधा यादव जैसी प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
नागोया में होंगे सभी मुकाबले
एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबले नागोया के पास स्थित कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे। पुरुष प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर और महिला प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक चलेगी।
भारतीय टीमों के सामने पिछले एशियन गेम्स के प्रदर्शन को दोहराते हुए एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने की चुनौती होगी। खासकर पुरुष वर्ग में संभावित भारत-पाकिस्तान फाइनल मुकाबले ने टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ा दिया है।