गोह के शिकार का वीडियो इंस्टाग्राम पर डालना पड़ा भारी, दंतेवाड़ा में 3 आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा । वन्य प्राणी गोह (इंडियन मॉनिटर लिजार्ड) का शिकार कर उसका वीडियो इंस्टाग्राम रील पर वायरल करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वन विभाग के रेंजर डॉ. प्रीतेश कुमार पांडेय के अनुसार, विभाग को इंस्टाग्राम के माध्यम से जानकारी मिली थी कि तीन लोगों ने मिलकर गोह का शिकार किया है और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो प्राप्त होने के बाद टीम ने लोकेशन ट्रेस कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई।

तलाशी अभियान के दौरान 26 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे ग्राम खुटेपाल, थाना कुआकोंडा से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुंगा पिता दुला (30 वर्ष), कोसा ओयाम पिता आयतु (39 वर्ष) और नंदा राम ओयामी पिता सोमडू (36 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम खुटेपाल, थाना कुआकोंडा, जिला दंतेवाड़ा के निवासी हैं।

शिकार में इस्तेमाल हथियार बरामद

वन विभाग की टीम ने आरोपियों के कब्जे से गोह के शिकार में इस्तेमाल किए गए बण्डा तीन नग और धनुष दो नग बरामद किए हैं। विभाग द्वारा जब्त हथियारों को प्रकरण में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन विभाग के अनुसार गोह वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के क्रमांक 21 में शामिल संरक्षित वन्यजीव है। मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39(1)(घ), 48(क), 50, 51 एवं 52 तथा संशोधित अधिनियम 2022 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।

वन विभाग ने कहा कि संरक्षित वन्यजीवों के शिकार और उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *