रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की 31वीं किस्त ने बहनों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान: लक्ष्मी बघेल

तिल्दा-नेवरा । छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं बलौदाबाजार की पूर्व विधायक श्रीमती लक्ष्मी बघेल ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से ठीक पहले प्रदेश की माताओं-बहनों के खातों में सम्मान राशि पहुंचने से उनके चेहरों पर खुशी आई है।

श्रीमती बघेल ने कहा कि 25 अगस्त 2026 को प्रदेश की 67 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ओर से बहनों के लिए रक्षाबंधन का उपहार बताया।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि महिलाओं की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए यह सहायता परिवार की जरूरतों में उपयोगी साबित हो रही है।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम

श्रीमती लक्ष्मी बघेल ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल मिल रहा है, जिससे वे अपनी आवश्यकताओं और परिवार से जुड़े खर्चों में योगदान दे पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और आदिवासी समाज के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ‘मोदी की गारंटी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति मिली है।

डबल इंजन सरकार के प्रति जताया आभार

पूर्व विधायक श्रीमती लक्ष्मी बघेल ने महतारी वंदन योजना की राशि जारी करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐसी योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। रक्षाबंधन से पहले राशि मिलने से प्रदेश की लाखों बहनों के लिए त्योहार की खुशियां और बढ़ी हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *