रायपुर । छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की खेती-किसानी तेजी से आगे बढ़ रही है। 25 अगस्त तक प्रदेश में निर्धारित लक्ष्य के 97 प्रतिशत क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। कृषि विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न खरीफ फसलों की बोनी की जा चुकी है, जबकि इस सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है।
धान के साथ मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की बोनी भी पूरी होने की ओर है।
किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने तथा वितरण में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीमें खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
12.07 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण
प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्र में 16.67 लाख मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 12.07 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का करीब 72 प्रतिशत है।
वहीं प्रमाणित बीज के लिए 4.95 लाख क्विंटल वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है और किसानों को अब तक 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं।
प्रदेश में 839.4 मिमी औसत बारिश
25 अगस्त सुबह तक छत्तीसगढ़ में 839.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 810.2 मिलीमीटर की तुलना में इस वर्ष अब तक 29.2 मिलीमीटर अधिक बारिश दर्ज हुई है।
गत वर्ष इसी अवधि में प्रदेश में 821.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।
किसानों को 7,778 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण
किसानों को खेती के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी दिया जा रहा है। 24 अगस्त 2026 तक किसानों को 7,778.76 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है।
पिछले वर्ष इसी अवधि में 6,449.95 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया था। चालू खरीफ सीजन में सरकार ने किसानों को कुल 8,800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।