रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर से सौजन्य भेंट की। इस दौरान महिला अधिकारों के संरक्षण, जागरूकता और सशक्तिकरण को लेकर प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. ममता साहू ने छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से देने पर जोर दिया गया।
महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने पर जोर
राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने और जमीनी स्तर पर जागरूकता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. ममता साहू ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी देना सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित करने और महिलाओं तक अधिकार एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग के साथ समन्वय से बढ़ेंगे प्रयास
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिला अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए लगातार जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग के साथ समन्वय से प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।