चार्ज संभालते ही एक्शन मोड में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, कार्यालयों का औचक निरीक्षण; जनदर्शन का समय बदला

मुंगेली ।  आईएएस अमृत विकास तोपनो ने मुंगेली जिले के 12वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक कामकाज को लेकर सक्रियता दिखाई। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिला कलेक्टोरेट के विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टोरेट पहुंचने पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की गतिविधियों और जिले में चल रही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।

समयबद्ध काम और योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को सकारात्मक सोच, आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।

उन्होंने लंबित फाइलों का नियमानुसार जल्द निराकरण करने पर भी जोर दिया, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों को योजनाओं की लगातार निगरानी करने और नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कई विभागों का किया औचक निरीक्षण

पदभार संभालने के बाद कलेक्टर ने खाद्य, उद्योग, आबकारी, आदिवासी विकास, खनिज, विपणन, खेल, महिला एवं बाल विकास, श्रम, मत्स्य पालन और एनआईसी कक्ष समेत विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विभागवार संचालित योजनाओं, सेवाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। अधिकारियों से यह भी पूछा कि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पात्र लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की भी जानकारी लेते हुए प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए।

अब हर मंगलवार दोपहर 2 बजे होगा जनदर्शन

नवपदस्थ कलेक्टर के निर्देश पर कलेक्टर जनदर्शन के समय में भी बदलाव किया गया है। अब प्रत्येक मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट में दोपहर 2 बजे से जनदर्शन आयोजित किया जाएगा।

जनदर्शन में जिले के नागरिक अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन सीधे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासनिक अनुभव से विकास कार्यों को मिलेगी गति

आईएएस अमृत विकास तोपनो वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं। वे इससे पहले सक्ती जिले के कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने संस्कृति विभाग के संचालक की जिम्मेदारी भी संभाली थी। इसके अलावा अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा योजना से जुड़े विभागों में भी काम करने का अनुभव उनके पास है।

मुंगेली कलेक्टर के रूप में उनके सामने विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने, प्रशासनिक सेवाओं में सुधार और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की चुनौती होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, अधोसंरचना, रोजगार और आजीविका संवर्धन जैसे क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को गति देना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *