एमसीबी । त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में लोगों को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत मनेन्द्रगढ़ शहर के विभिन्न मिठाई, डेयरी, बेकरी और होटल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि कमियां पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों को सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल एवं कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खरे के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। अधिकारियों ने कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मिठाई और डेयरी दुकानों से लिए नमूने
जांच के दौरान रेलवे फाटक रोड स्थित शुभम स्वीट्स से बेसन लड्डू, गुलाब जामुन और मिल्क केक के नमूने लिए गए। निरीक्षण में पाई गई कमियों को लेकर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।
जेकेडी रोड पर प्राप्त शिकायत के आधार पर फॉर्च्यून शक्कर का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। वहीं हनुमान डेयरी से पनीर, दही और टोस्ट तथा सिंह डेयरी से खट्टा दही और नमकीन के नमूने संकलित किए गए।
बेकरी और होटलों का भी निरीक्षण
अभियान के तहत नारायण बेकरी की भी जांच की गई और आवश्यक खाद्य नमूने लिए गए। इसके अलावा गणेश ट्रेडर्स, भरत होटल और बिरयानी जंक्शन का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति देखी गई। कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक नोटिस जारी किए गए।
होटल और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में आईईसी गतिविधियों के तहत जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए। इनके माध्यम से कारोबारियों और उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के प्रति जागरूक किया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा संकलित सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसमें सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में इस तरह की जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।