भिलाई । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भगवान शिव की आराधना और शक्ति उपासना की प्राचीन परंपराओं से समृद्ध है। प्रदेश के कण-कण में देवाधिदेव महादेव की कृपा है और यही आध्यात्मिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है।
मुख्यमंत्री श्री साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय के साथ भिलाई नगर के जयंती स्टेडियम के समीप आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के अंतिम दिवस शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
शिवभक्ति की अविरल धारा से जुड़ा भिलाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में सात दिनों से शिवभक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। हजारों श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा के माध्यम से धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन करते हुए कहा कि वे शिव महापुराण के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में चारों दिशाओं में विराजमान हैं महादेव
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर के हटकेश्वर महादेव, कबीरधाम के भोरमदेव, राजिम के कुलेश्वर महादेव, चम्पारण के चम्पेश्वर महादेव, गरियाबंद के भूतेश्वर महादेव, सिरपुर के गंधेश्वर महादेव और जशपुर के मधेश्वर महादेव सहित अनेक प्राचीन शिवधाम प्रदेश की धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत के केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव के साथ छत्तीसगढ़ में आदिशक्ति के भी अनेक पवित्र स्वरूप विराजमान हैं। राज्य सरकार इन धार्मिक स्थलों के संरक्षण और सुनियोजित विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
पांच शक्तिपीठों का चारधाम की तर्ज पर विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि सूरजपुर की कुदरगढ़ी माता, चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी, रतनपुर की मां महामाया, डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी और दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को पुनः प्रारंभ किया गया है, जिसके माध्यम से पात्र श्रद्धालुओं को प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के तहत अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, सहयोगियों और सभी शिवभक्तों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन, संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, आयोजन समिति के श्री दया सिंह सहित अधिकारी, समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।