रायपुर । तस्वीरें बीते हुए समय को वर्तमान से जोड़ने के साथ इतिहास और स्मृतियों को संजोने का काम करती हैं। राजधानी रायपुर में आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपनी पुरानी तस्वीरों को देखकर सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर की कई यादें साझा कीं।
विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित फेस्ट का आयोजन 19 अगस्त से किया गया था। मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह में फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों तथा ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों की सराहना की।
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री श्री साय के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई पुरानी तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं। पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर देखकर उन्होंने उस दौर की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था। ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरों ने भी मुख्यमंत्री को अपने गांव, खेत-खलिहान और पुराने दिनों की याद दिलाई।
मुख्यमंत्री ने खुद संभाला कैमरा
‘दृश्य संवाद 2026’ के दौरान एक रोचक क्षण भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वयं कैमरा थामकर एक फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर खींची। आमतौर पर कैमरे के सामने रहने वाले मुख्यमंत्री इस बार कैमरे के पीछे नजर आए। उनका यह सहज अंदाज कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने फोटो पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना या क्षण को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं। कई बार एक तस्वीर बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती है। कठिन परिस्थितियों में भी घटनास्थल तक पहुंचकर महत्वपूर्ण घटनाओं को कैमरे में दर्ज करने वाले फोटो पत्रकार पत्रकारिता के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार के दिखे विविध रंग
फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों को भी प्रदर्शित किया गया। प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा तथा समाचार एवं जनसरोकार जैसे विषयों पर आधारित तस्वीरों ने छत्तीसगढ़ के जीवन और सामाजिक परिवेश के विविध रंगों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने रायपुर प्रेस क्लब के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन फोटोग्राफी और फोटो पत्रकारिता की रचनात्मकता को मंच प्रदान करते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को अनुभवी फोटो पत्रकारों के कार्य को देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।
समापन समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी, महासचिव श्री गौरव शर्मा सहित पदाधिकारी, फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट के संयोजक श्री दीपक पांडे, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट तथा बड़ी संख्या में फोटो पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।