रायपुर । छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और इसके प्रारूप को तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में 27 अगस्त 2026 को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में समान नागरिक संहिता के विभिन्न प्रावधानों, इसके सामाजिक प्रभावों और व्यावहारिक पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की उपस्थिति में होने वाली इस बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है।
सरकार का उद्देश्य बैठक के माध्यम से UCC से जुड़े विभिन्न पक्षों पर विशेषज्ञों और समाज के विभिन्न वर्गों के विचार एवं सुझाव प्राप्त करना है। प्राप्त सुझावों को समान नागरिक संहिता के संभावित प्रारूप को तैयार करने में महत्वपूर्ण आधार माना जाएगा।
राज्य सरकार की ओर से बताया गया है कि यह विषय व्यापक सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ है। इसलिए प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया में विभिन्न वर्गों के हितों, सामाजिक परिस्थितियों और व्यावहारिक पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा।
बैठक में समान नागरिक संहिता के संभावित प्रावधानों पर चर्चा के साथ-साथ इसके क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न समूहों और हितधारकों को पृथक रूप से आमंत्रित कर उनसे भी सुझाव लिए जाने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
सरकार का प्रयास है कि व्यापक विचार-विमर्श और सुझावों के आधार पर समावेशी, संतुलित और सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखने वाला UCC प्रारूप तैयार किया जा सके।