पेंड्रा । चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मल्टीपर्पस स्कूल पेंड्रा के असेंबली हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ गरिमामय समापन हुआ। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के पांचों संभागों से 540 खिलाड़ियों तथा 100 से अधिक अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया। जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, कबड्डी और क्रिकेट की विभिन्न विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह की शुरुआत मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई। छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया।
खेल से अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास
सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार नहीं होती, खिलाड़ी या तो जीतते हैं या सीखते हैं। खेल स्वस्थ जीवनशैली के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, भाईचारा और टीम भावना विकसित करता है।
उन्होंने खिलाड़ियों से जीवन में कभी हार न मानने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान विद्यार्थियों को संघर्ष, अनुशासन और निरंतर प्रयास की महत्वपूर्ण सीख देता है। युवा खेलों को जीवन का हिस्सा बनाकर परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
विकास कार्यों के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा की मांग पर सांसद श्रीमती महंत ने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए कुल 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसमें फिजिकल कॉलेज मैदान के जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा पतगांवा में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर खेल अधोसंरचना से विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने जीपीएम जिले में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के आयोजन को गौरवपूर्ण अवसर बताया। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समापन अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों में खेल के प्रति उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।