धमतर । जिले में नकली, अमानक एवं संदिग्ध दवाओं के विक्रय और अवैध आवाजाही पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन का विशेष सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा मेडिकल प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।
अभियान के तहत जिले के 12 औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दवाओं की खरीदी-बिक्री के बिल-वाउचर, स्टॉक, अभिलेख और आपूर्ति स्रोतों की जांच की गई। राज्य में C&F, डिपो एवं सुपर स्टॉकिस्ट उपलब्ध होने के बावजूद राज्य के बाहर से खरीदी गई दवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
06 औषधि नमूने जांच के लिए भेजे गए
दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान के दौरान 06 औषधि नमूने संकलित किए गए। इनमें Tab. Elmox-CV 625 LB, Tab. Onco-4, CC-GO DX Cough Syrup 100ml, Bethasulide-P(R), Tab. Mokcan 250 DT एवं Tab. Ofiz 200 शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच एवं विश्लेषण के लिए औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नारकोटिक और साइकोट्रॉपिक दवाओं पर भी नजर
निरीक्षण के दौरान नारकोटिक एवं साइकोट्रॉपिक औषधियों के क्रय-विक्रय, भंडारण, स्टॉक तथा संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की गई। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि औषधि विक्रेता निर्धारित नियमों और प्रावधानों का पालन करते हुए केवल अधिकृत स्रोतों से ही दवाओं की खरीदी करें।
एक प्रतिष्ठान में मिली अनियमितता
संयुक्त निरीक्षण दल ने शासकीय जिला अस्पताल धमतरी सहित जिले के विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों की जांच की। सूर्या मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स, नारी में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा है कि जिले में औषधियों की गुणवत्ता, वैध आपूर्ति श्रृंखला और आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।