कवर्धा में शराब तस्करी पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 8.16 लाख की सामग्री जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर । कवर्धा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में विभाग ने 17 अगस्त 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा प्रांत की शराब के अवैध परिवहन और कच्ची महुआ शराब के विक्रय के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में शराब, महुआ लाहन और परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 8 लाख 16 हजार 310 रुपये की सामग्री जब्त की गई।

आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा एवं कलेक्टर के निर्देश तथा प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्री मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

आबकारी चेक पोस्ट चिल्फी के प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक श्री रामानंद दीवान वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान चार पहिया वाहन क्रमांक एचआर 36 एबी 0487 की तलाशी लेने पर उसमें 5.25 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद हुई। शराब की बोतलों पर ‘सेल फॉर हरियाणा’ अंकित था।

मामले में आरोपी विक्रम सिंह पिता आजाद सिंह, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम अमलीडीह, पोस्ट बरगड़ा, जिला बेमेतरा के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 यथा संशोधित की धारा 34(1)(क), 34(2), 59(क) एवं 36 के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

इसके अलावा विभाग द्वारा कच्ची महुआ शराब के अवैध विक्रय के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसमें महुआ लाहन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। विभाग के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्री मुकेश पाण्डेय ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक श्री विद्यासिंह परमार, श्री इम्तियाज खान तथा आबकारी आरक्षक श्री भूपेंद्र साहू, सुश्री कामिनी भुआर्य, मेघा ध्रुव और सीमा नेताम का विशेष योगदान रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *