रायपुर । भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री सोनमणि बोरा (भा.प्र.से.-1999) ने बुधवार को छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव का कार्यभार ग्रहण किया। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्री बोरा इससे पहले प्रमुख सचिव, आदिम जाति विकास विभाग, अनुसूचित जाति विकास विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का दायित्व संभाल रहे थे। इसके साथ ही वे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
अधिकारियों से ली विभागीय योजनाओं की जानकारी
कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए विभागीय गतिविधियों और प्रमुख योजनाओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर विभाग के संचालक श्री रिमिजियुस एक्का, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुमीत अग्रवाल, उप सचिव श्री भागवत जायसवाल, अपर संचालक श्री पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता श्री राजेश शर्मा, संयुक्त संचालक श्री मिथिलेश अवस्थी, उप संचालक श्री अरुण साहू, सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील अग्रहरि, अधीक्षण अभियंता श्री रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगरीय विकास में रहा है लंबा प्रशासनिक अनुभव
श्री सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन और शहरी विकास के क्षेत्र में लंबा प्रशासनिक अनुभव है। राज्य गठन के बाद रायपुर को राजधानी के रूप में विकसित करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे रायपुर नगर पालिक निगम, रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) और बिलासपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) में आयुक्त एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं।
उनके प्रशासनिक कार्यकाल में रायपुर और बिलासपुर सहित कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली जैसे जिलों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य आगे बढ़े। रायपुर में सफाई मित्र योजना, बूढ़ातालाब सहित अन्य तालाबों के संरक्षण, विकास एवं पुनरोद्धार तथा महादेव घाट में मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित स्थान पर कार्य शुरू कराने जैसे कार्य उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे।
इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों के कायाकल्प, रायपुर नगर निगम में जन्म एवं मृत्यु पंजीयन की ऑनलाइन व्यवस्था तथा लेखा कार्यों को मैनुअल प्रणाली से सॉफ्टवेयर आधारित व्यवस्था में बदलने जैसे प्रशासनिक सुधार भी किए गए। संचालन एवं संधारण कार्यों को प्रिवेंटिव कार्यों के रूप में शामिल कराने की दिशा में भी उनके कार्यकाल में पहल हुई।
जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग प्रदेश के नगरीय निकायों के माध्यम से नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री बोरा ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि जनता से सीधे जुड़े विभागीय कार्यक्रमों और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनके अनुभव से नगरीय विकास कार्यों में बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलने की उम्मीद है।