उपराष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश

रायपुर |  भारत के उपराष्ट्रपति के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, स्वागत व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाएं।

एयरपोर्ट से एम्स तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश

मुख्य सचिव श्री विकासशील ने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के मार्ग, एंट्री एवं एग्जिट प्लान तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन और एम्स रायपुर में प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पुलिस विभाग को एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति

उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। समारोह की बैठक व्यवस्था भारत सरकार के निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

चिकित्सा सुविधा और आकस्मिक व्यवस्थाओं पर जोर

बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने गृह विभाग को सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्री श्याम धावड़े, कलेक्टर रायपुर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *