रायपुर । छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। अभ्यास में विभिन्न विभागों और आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, पूर्व चेतावनी प्रणाली और प्रभावित क्षेत्रों तक समय पर सहायता पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने कहा कि आपदा के समय फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने विभागों के बीच संभावित समन्वय गैप को पहले ही दूर करने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और त्वरित निर्णय लेने पर जोर दिया।
पूर्व चेतावनी और सूचना प्रणाली पर विशेष जोर
टेबल टॉप एक्सरसाइज में मौसम विज्ञान विभाग और केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त मौसम एवं जलस्तर संबंधी पूर्वानुमानों के आधार पर समय पर चेतावनी जारी करने की व्यवस्था पर चर्चा हुई। डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के गांवों को संभावित बाढ़ से पहले सचेत करने, निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा सार्वजनिक सूचना प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर भी मंथन किया गया।
राहत कैंप और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी
बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों की व्यवस्था, आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी विभागीय तैयारियों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमों की तैनाती तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की कार्ययोजना पर अधिकारियों ने जानकारी साझा की।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित बचाव दलों के बीच समन्वय
अभ्यास के दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर सेना, होमगार्ड, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं सहित अन्य बचाव दलों की भूमिका पर चर्चा की गई। संभावित बाढ़ की परिस्थितियों में बचाव दलों की त्वरित तैनाती, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया गया।
20 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ आपदा से निपटने की वास्तविक तैयारियों को परखने के लिए 20 अगस्त को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारी शामिल होंगे। मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से पूर्व चेतावनी, सूचना के आदान-प्रदान, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती और प्रभावित क्षेत्रों तक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था को परखा जाएगा।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया गया। अभ्यास में जल संसाधन, स्वास्थ्य, दूरसंचार, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग सहित एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, होमगार्ड, नगर सेना, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स और आपदा मित्र से जुड़े अधिकारियों ने सहभागिता की।
टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य राज्य की आपदा पूर्व तैयारियों को मजबूत करना, विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और बाढ़ की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम रखते हुए त्वरित एवं प्रभावी राहत-बचाव सुनिश्चित करना है।