रायपुर । पावन सावन मास के तृतीय सोमवार और नागपंचमी के शुभ अवसर पर पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन किया। उन्होंने भगवान शिव की आराधना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
मंत्री अग्रवाल ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन कर प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की असीम कृपा सदैव छत्तीसगढ़वासियों पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार सुख, शांति, समृद्धि एवं सौभाग्य से परिपूर्ण हो।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव के आशीर्वाद से प्रदेश में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हो तथा सभी नागरिक स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन व्यतीत करें। सावन के पावन अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं ने भी भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।