महासमुंद में साइबर सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण, युवाओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय

महासमुंद । नीति आयोग के आकांक्षी जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम के तहत महासमुंद जिले में वित्तीय एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया गया। डेवेलपमेंट पार्टनर के सहयोग से एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा युवाओं, महिलाओं और समुदाय के सदस्यों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी जा रही है।

इसी क्रम में आदिवासी विकास विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद द्वारा संचालित खेलो इंडिया लघु केंद्र तथा एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के बालक-बालिका खिलाड़ी, प्रशिक्षक, स्टाफ और खेल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण में शामिल हुए।

प्रशिक्षण समन्वयक मनीष केशरवानी एवं एनआईआईटी फाउंडेशन के अनूप शर्मा ने प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल पासवर्ड को निजी रखने तथा परिवार के नाम या मोबाइल नंबर को पासवर्ड के रूप में इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई। संदिग्ध कॉल और मैसेज का सत्यापन करने तथा मोबाइल फोन को नियमित रूप से अपडेट रखने पर भी जोर दिया गया।

प्रतिभागियों को बताया गया कि साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल परिवार के सदस्यों को जानकारी दें, संबंधित बैंक में शिकायत दर्ज कराएं और साइबर सेल से संपर्क करें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध फ्री वाई-फाई के उपयोग से सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

प्रशिक्षण में नौकरी दिलाने के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने, अनजान लोगों के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर अपनी फोटो और पहचान संबंधी संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचने के उपाय भी बताए गए।

कार्यक्रम में खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, एकलव्य आवासीय विद्यालय के प्राचार्य महेंद्र टंडन, विद्यालय के स्टाफ, विद्यार्थी एवं तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं और समुदाय के सदस्यों को डिजिटल लेन-देन तथा ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक करना रहा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *