विभाजनकारी ताकतों से रहें सतर्क, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करें : डिप्टी सीएम अरुण साव

दुर्ग । उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने दुर्ग नगर निगम सभागार में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज भी भाषा, जाति, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने की कोशिशें होती हैं। देशवासियों को ऐसी विभाजनकारी ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है।

श्री साव ने कहा कि 14 अगस्त 1947 का विभाजन केवल जमीन का बंटवारा नहीं था, बल्कि करोड़ों दिलों, सपनों और रिश्तों के बिखरने की दर्दनाक घटना थी। विभाजन के दौरान लाखों लोगों की जान गई और करोड़ों परिवारों को अपना घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। अनेक लोगों ने अपने माता-पिता, भाई-बहन और प्रियजनों को खोया तथा विस्थापन का असहनीय दर्द झेला।

इतिहास से सबक लेकर भविष्य को सुरक्षित करने की जरूरत

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता हमारे पूर्वजों के त्याग और बलिदान का परिणाम है, लेकिन विभाजन ने इस संघर्ष को गहरे दर्द में बदल दिया। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास से सीख नहीं लेता, उसे भविष्य में बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

श्री साव ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करना केवल अतीत को स्मरण करना नहीं है, बल्कि इससे सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को और मजबूत करना भी है।

नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है विभाजन का दर्द

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन के दर्द और उससे जुड़ी त्रासदी को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का आह्वान किया है। इसका उद्देश्य लोगों को इतिहास की उस पीड़ादायक घटना से परिचित कराना और भविष्य में देश को बांटने वाली ताकतों के प्रति सजग करना है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भाषा, जाति, क्षेत्र और संप्रदाय से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता को मजबूत करना ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री ललित चंद्राकर, महापौर श्रीमती अलका बघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू, श्री सुरेंद्र कौशिक, श्री जितेंद्र वर्मा और श्री दिलीप साहू सहित अनेक प्रबुद्धजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *