रायपुर | स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर जिले के तिल्दा में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की महत्ता और देश के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए नागरिकों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील की।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। तिरंगे का हरा रंग देश की शांति, खुशहाली और समृद्धि का संदेश देता है, जबकि इसके मध्य में स्थित अशोक चक्र हमें निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस ध्वज के सम्मान की रक्षा के लिए देश के वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
स्वाभिमान के साथ फहराएं तिरंगा, बनाए रखें गरिमा
श्री वर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त के पावन अवसर पर सभी नागरिक अपने घरों में गर्व और स्वाभिमान के साथ तिरंगा अवश्य फहराएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उत्सव के बाद यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि तिरंगा किसी भी अनुचित स्थान पर पड़ा हुआ या अपमानित स्थिति में दिखाई न दे।
2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प
राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, समर्थ और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं, नागरिकों और समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। एकजुट प्रयासों से भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला वर्मा, उपाध्यक्ष श्री पलक सुखमणि, पूर्व अध्यक्ष श्री महेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, युवा और विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।