रायपुर | छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय जननायक, आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित और घर वापसी अभियान के नायक श्रद्धेय स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि स्व. दिलीप सिंह जूदेव जी ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा, जनजातीय समुदायों के हितों और उनकी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित किया। उन्होंने आदिवासी समाज में जागरूकता, सामाजिक एकजुटता और अधिकारों के प्रति चेतना बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धेय जूदेव जी का संघर्षशील व्यक्तित्व, राष्ट्रनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं और अधिकारों को प्रमुखता से उठाया तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्री ओपी चौधरी ने कहा कि स्व. दिलीप सिंह जूदेव जी के विचार और उनके सेवा कार्य आने वाली पीढ़ियों को समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे। उनकी पुण्यतिथि हमें सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता के मूल्यों को अपनाने का संदेश देती है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जी के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।