रायपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को छत्तीसगढ़ में सभी देशी और विदेशी मदिरा दुकानों सहित संबंधित मद्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। आबकारी विभाग ने 15 अगस्त को प्रदेश के लिए शुष्क दिवस घोषित किया है।
आबकारी आयुक्त कार्यालय, नवा रायपुर द्वारा प्रदेश के सभी कलेक्टरों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश के तहत जिले में संचालित सभी देशी मदिरा दुकान, विदेशी मदिरा दुकान, कम्पोजिट मदिरा दुकान और मद्य भंडारण भाण्डागारों को निर्धारित शुष्क अवधि के दौरान पूर्णतः बंद रखने कहा गया है।
इसके साथ ही एफ.एल.-3 (ग) पर्यटन बार तथा संबंधित मद्य भंडारण भाण्डागार और संलग्न अहातों को भी शुष्क दिवस पर बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध बिक्री और परिवहन पर रहेगी नजर
आबकारी विभाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शुष्क दिवस के दौरान मदिरा का अवैध विक्रय, धारण और परिवहन नहीं होने दिया जाए। इसके लिए संबंधित स्तर पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जारी इन निर्देशों का उद्देश्य शुष्क दिवस के दौरान प्रदेश में मदिरा की बिक्री और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है।