सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों की राह आसान, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने छात्राओं को बांटी नि:शुल्क साइकिलें

सूरजपुर । महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना और उनके सुरक्षित आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवनंदनपुर (विश्रामपुर) में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं। इसके बाद उन्होंने विकासखंड भैयाथान के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दर्रीपारा में भी बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया।

साइकिल से बढ़ेगा आत्मविश्वास और नियमित उपस्थिति

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय पहुंचने के लिए कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरस्वती साइकिल योजना छात्राओं के लिए सुविधा के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम भी बनेगी।

उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं के आने-जाने में लगने वाला समय कम होगा, विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और वे अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए उच्च शिक्षा की ओर अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ सकेंगी।

आर्थिक और भौगोलिक बाधाओं से प्रभावित न हो बेटियों की पढ़ाई

मंत्री ने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने परिवार, गांव तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से किसी भी बेटी की शिक्षा प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य में अपने सपनों को साकार करने के लिए मजबूत आधार तैयार कर सकेंगी।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे। छात्राओं एवं अभिभावकों ने सरस्वती साइकिल योजना को बालिका शिक्षा के लिए उपयोगी पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *