अंबिकापुर । स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को अंबिकापुर शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहर के मल्टीपरपज स्कूल से हुआ। यात्रा महामाया चौक, घड़ी चौक और गांधी चौक होते हुए गांधी स्टेडियम मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति गीतों के बीच युवाओं एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने लहराया तिरंगा
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
मंत्री श्री अग्रवाल ने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़े और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं सम्मान की भावना प्रदर्शित करे।
देशभक्ति और भाईचारे का दिया संदेश
गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और गौरव का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक को इसके सम्मान के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने तिरंगा यात्रा में शामिल नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिन आदर्शों और मूल्यों के लिए आजादी की लड़ाई लड़ी, वे आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और आजादी के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करने की अपील की।
देशभक्ति गीतों और नारों से गूंजा अंबिकापुर
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया। देशभक्ति गीतों ने लोगों में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी, श्री भारत सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री बनसिंह नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
लखनपुर और केदमा में भी शामिल हुए मंत्री
इससे पहले पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर तथा उदयपुर विकासखंड के ग्राम केदमा में आयोजित तिरंगा यात्राओं में भी सहभागिता की। उन्होंने नागरिकों के साथ तिरंगा लहराकर स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।